Latest Media News, Gossips, Events and Interviews
Send Your News & Views @ mediakhabaronline@gmail.com
शिकागो। अमेरिकी में एक टीवी शो के प्रस्तोता द्वारा सिखों के धार्मिक स्थल श्री दरबार साहिब यानी स्वर्ण मंदिर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि एक वेबसाइट ने हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी की है। वेबसाइट पर खेल की कमेंटरी में हिंदू देवी-देवताओं का वर्णन करने के लिए 'अजीब' शब्द का इस्तेमाल किया है।
एनबीसी शिकागो वेबसाइट पर प्रकाशित की गई आइस हॉकी मैच की कमेंटरी का शीर्षक है 'ह्वाई ए 3-1 ब्लैकहॉक्स लॉस इज नॉट सो बैड।' इसमें नाशविल प्रीडेटर्स टीम द्वारा शिकागो ब्लैकहॉक्स को हराए जाने का ब्योरा देते हुए कहा गया है,'प्रीडेटर्स कुछ 'अजीब' हिंदू देवताओं की तरह स्थान लील रहे थे।' नेवादा के हिंदू समुदाय के नेता राजन जेड ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुनियाभर में करीब एक अरब हिंदू अपने देवी-देवताओं की प्रतिदिन पूजा करते हैं और उन्हें 'अजीब' बताना उनकी भावनाओं को आहत करना है।
यूनिवर्सल सोसाइटी ऑफ हिंदूइज्म के अध्यक्ष जेड ने वेबसाइट से तत्काल अनुचित शब्द को हटाने और माफी मांगने को कहा है। इससे पहले अमेरिकी टीवी शो 'द टूनाइट शो' के प्रस्तोता जे लेनो ने गत 19 जनवरी को कार्यक्रम के दौरान स्वर्ण मंदिर की तस्वीर दिखाई थी और इसे मिट रोमनी का संभावित 'समर होम' बताया था। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल रोमनी एक अमीर बिजनेसमैन और राजनेता हैं। वह अपनी अकूत संपत्ति और टैक्स चोरी को लेकर विरोधियों के निशाने पर हैं। उनकी इस टिप्पणी से नाराज भारतीय मूल के अमेरिकी रणदीप ढिल्लन ने लेनो पर मुकदमा ठोंका है। वहीं सिख संगठन सिख फॉर जस्टिस [एसएफजे] संघीय एजेंसी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन [एफसीसी] के पास लेनो और एनबीसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एफसीसी का काम टेलीविजन कार्यक्रमों के प्रसारण का नियमन, शिकायतों का विश्लेषण और जांच करना है। (एजेंसी)