लॉस एंजिल्स.अमेरिका के उत्तरी लॉस एंजिल्स के ग्रामीण इलाके में डिस्कवरी चैनल के लिए एक नए रियलिटी टीवी शो की शूटिंग के दौरान हुए हेलिकॉप्टर हादसे में तीन लोग मारे गए।
लॉस एंजिल्स कंट्री के अग्निशमन अधिकारी रॉबर्ट डियाज ने कहा कि हेलिकॉप्टर हादसा रविवार को स्थानीय समयानुसार तड़के 3.40 बजे एक्टन शहर के मशहूर शूटिंग लोकेशन पोल्सा रोजा रैंच में हुआ।
डियाज ने कहा कि विमान में सवार सभी तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। उनके नाम तत्काल जारी नहीं किए गए। डिस्कवरी चैनल के प्रवक्ता लॉरी गोल्डबर्ग ने बताया कि फिल्मिंग परमिट पर सैन्य मुद्दे पर आधारित अज्ञात टीवी कार्यक्रम का अभी तक न प्रसारण किया गया था और न ही इसके बाबत घोषणा की गई थी।
एक वक्तव्य में कहा गया कि हादसा तब हुआ जब एक प्रोडक्शन कंपनी डिस्कवरी चैनल के लिए एक शो की शूटिंग कर रही थी। हम अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। उनके परिवारों के लिए हमारी संवेदना और प्रार्थनाएं। (भाषा)
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar
